UTTAR PRADESH कैडर के अफसरों ने केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण मंत्रालय (DOPT) को भेजी रिपोर्ट में बताया कि वे कौन से फॉर्म हाउस, घर या प्लॉट के मालिक हैं? उनकी प्रॉपर्टी की कीमत क्या है? प्रदेश के कई डीएम की प्रॉपर्टी को खंगार्ला डिटेल निकाली। यह वह डिटेल है जो डीओपीटी को भेजी गई है।
उत्तर प्रदेश के सबसे अमीर डीएम आगरा के अरविंद मलप्पा बंगारी (Agra DM Arvind Mallappa Bangari) हैं, जिनके पास 15 प्रॉपर्टी हैं। 5 साल पहले उनके पास 12 प्रॉपर्टी थीं। दिलचस्प यह है कि प्रदेश में ऐसे 19 जिलाधिकारियों की प्रॉपर्टी पिछले 5 साल में बढ़ी है। कुछ की प्रॉपर्टी दोगुनी तो कुछ की तीन से चार गुना हो चुकी है।

डीएम की सैलरी कितनी है?
डीएम की प्रॉपर्टी की बात चल रही है। ऐसे में सबसे पहले दिमाग में आता है कि उनकी सैलरी कितनी होती होगी? भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के एक अफसर की सैलरी केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित 7वें वेतन आयोग के अनुसार होती है। IAS अफसरों की सैलरी उनके पद, अनुभव और सेवा काल के आधार पर अलग-अलग होती है। जिलाधिकारी को वेतन और भत्ता मिलाकर 1.50 से 2.25 लाख रुपए हर महीने मिलते हैं।

पसंदीदा लोकेशन राजधानी
27 जिलाधिकारियों की पसंदीदा लोकेशन राजधानी है। इनमें से कई ने यहां मकान, फ्लैट या प्लॉट खरीदे हैं। ये प्रॉपर्टी लखनऊ के सबसे महंगे इलाकों में शुमार गोमतीनगर, अंसल और सुशांत गोल्फ सिटी में है। सिद्धार्थनगर के DM डॉ राजा गणपति आर और बांदा DM जे रीभा पति-पत्नी हैं। दोनों ने संयुक्त रूप से लखनऊ के सरोजनी नगर की वृंदावन योजना में 1.47 करोड़ का फ्लैट खरीदा है।
जीतेंद्र प्रताप सिंह (डीएम, कानपुर नगर)– 418 वर्गमीटर का मकान, 70 लाख का फ्लैट, 288 वर्गमीटर का प्लॉट और 1.7315 हेक्टेयर कृषि भूमि।
अभिषेक आनंद (डीएम, सीतापुर)- लखनऊ में 59 लाख का फ्लैट।
डीएम हर्षिता माथुर (डीएम, रायबरेली)- लखनऊ में 60 लाख और 18 लाख के 2 प्लॉट।
संजीव रंजन (डीएम, अलीगढ़)- लखनऊ में 7200 वर्गफीट प्लॉट और 3 बीएचके फ्लैट।
चंद्रप्रकाश सिंह (डीएम, मथुरा)- लखनऊ में 602.88 वर्गमीटर के 2 प्लॉट।
कई डीएम के पास कोई प्रॉपर्टी नहीं
कुछ जिलों के DM ऐसे हैं, जिनके पास कोई प्रॉपर्टी नहीं है। इनमें लखनऊ, गाजियाबाद, गोरखपुर, फिरोजाबाद, कौशांबी, अंबेडकरनगर, महाराजगंज, ललितपुर, महोबा, श्रावस्ती, सहारनपुर, हापुड़, जौनपुर, गाजीपुर, हाथरस, कासगंज, एटा के जिलाधिकारी शामिल हैं।
वहीं फतेहपुर DM रविंद्र कुमार सिंह, जालौन DM राजेश कुमार पांडेय, हमीरपुर DM घनश्याम मीना और मैनपुरी DM अंजनी कुमार सिंह की प्रॉपर्टी संबंधी जानकारी केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण मंत्रालय के पास उपलब्ध नहीं है।

कानपुर मंडल : फर्रुखाबाद के डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी के परिवार की कुल प्रापर्टी की मौजूदा कीमत 5.29 करोड़ है। इसमें उनके ससुर का उनकी पत्नी को 2022 में गिफ्ट किया वाराणसी में 232 वर्गमीटर का प्लॉट भी शामिल है। उसकी मौजूदा कीमत 60 लाख बताई है।
यहां दूसरे नंबर पर कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह (DM Jitendra Pratap Singh) हैं। उनके परिवार की मौजूदा संपत्तियों की कीमत 2.66 करोड़ है। इसमें 2024 में गिफ्टेड लखनऊ की एक जमीन भी शामिल है। इसकी कीमत 51.84 लाख है। तीसरे अमीर औरैया डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी हैं। उनके परिवार की संपत्तियों की मौजूदा कीमत 1.67 करोड़ है।

लखनऊ मंडल : सीतापुर के डीएम अभिषेक आनंद की संपत्तियों की मौजूदा कीमत 3.32 करोड़ है। दूसरे नंबर पर रायबरेली डीएम हर्षिता माथुर हैं। उनकी संपत्तियों की मौजूदा कीमत 1.57 करोड़ है।

गोरखपुर मंडल : सबसे अमीर डीएम कुशीनगर के विशाल भारद्वाज हैं। उनकी पत्नी के नाम पर दो प्रॉपर्टी हैं। इसकी मौजूदा कीमत करीब 60 लाख बताई है। एक प्रॉपर्टी उनकी पत्नी को उनके भाई ने गिफ्ट की है। जबकि एक प्रॉपर्टी उनके पिता के नाम पर है।

मिर्जापुर मंडल : भदोही डीएम विशाल सिंह सबसे अमीर हैं। उनकी 8 पैतृक संपत्तियों की मौजूदा कीमत करीब 17.12 करोड़ है। दूसरे नंबर पर सोनभद्र डीएम बद्रीनाथ सिंह हैं। उनकी संपत्तियों की कीमत 1.10 करोड़ है।

प्रयागराज मंडल : प्रतापगढ़ के डीएम शिव सहाय अवस्थी सबसे अमीर हैं। उन्होंने 2024 में पत्नी सौम्या त्रिवेदी के नाम पर 2.26 हेक्टेयर कृषि जमीन खरीदी है। इसकी मौजूदा कीमत 5.54 करोड़ बताई है। जबकि प्रयागराज के डीएम रविन्द्र कुमार मंदर ने परिवार की कुल मौजूदा संपत्तियों की कीमत 3.97 करोड़ बताई है।

अयोध्या मंडल : यहां सबसे अमीर डीएम अयोध्या के चन्द्र विजय सिंह हैं। उनके परिवार की संपत्तियों की मौजूदा कीमत 4.15 करोड़ है। दूसरे नंबर पर अमेठी डीएम निशा की कुल प्रॉपर्टी की मौजूदा कीमत 1.22 करोड़ है।
झांसी मंडल : सबसे अमीर झांसी के डीएम अविनाश कुमार हैं। उनकी नोएडा और लखनऊ में प्रॉपर्टी है। दोनों की मौजूदा कीमत 2.90 करोड़ है।

देवीपाटन मंडल : बहराइच की डीएम मोनिका रानी सबसे अमीर हैं। उनकी तीनों संपत्तियों की मौजूदा कीमत 3.40 करोड़ है। दूसरे नंबर पर गोंडा की डीएम नेहा शर्मा हैं। उनकी प्रॉपर्टी की कीमत 2.30 करोड़ है।

वाराणसी मंडल : सबसे अमीर डीएम चंदौली के निखिल टिकाराम फुंडे हैं। उनकी मौजूदा पैतृक संपत्तियों की कीमत 1.60 करोड़ है। दूसरे नंबर पर वाराणसी डीएम एस राजलिंगम हैं। उनके परिवार की कुल संपत्तियों की मौजूदा कीमत 1.08 करोड़ है।

SOURCE : Dainik Bhaskar